मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की बैठक, जिला अध्यक्ष बोले—‘एक भी मतदाता छूटा तो लोकतंत्र का चक्र टूट जाएगा’
गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, “एक भी मतदाता छूट गया तो समझो लोकतंत्र का चक्र टूट गया।”
जिला अध्यक्ष ने सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने और शेष मतदान केंद्रों पर जल्द बीएलए नियुक्त करने का निर्देश दिया। बैठक में जनसमस्याओं पर भी गंभीर मंथन हुआ और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के मंत्रियों से मुलाकात करने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। बैठक में जिला एवं प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

