अंबेडकर चौक पर चला सघन वाहन जांच अभियान, 65 बाइक और 10 से अधिक टोटो की जांच
गिरिडीह। शहर के व्यस्तम क्षेत्र अंबेडकर चौक पर मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) संतोष कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस व आवश्यक दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान करीब 65 मोटरसाइकिल और 10 से अधिक टोटो वाहनों को रोका गया। जांच में वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जाँच की गई। कई चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं पाए गए, जिनसे जुर्माना वसूल किया गया। कुछ मामलों में चालान काटकर चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
अंबेडकर चौक पर अचानक की गई चेकिंग से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया। कई वाहन चालक जांच से बचने के लिए मार्ग बदलते नजर आए, लेकिन पुलिस व परिवहन विभाग की टीम लगातार जांच में जुटी रही और नियमों के उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती गई।
डीटीओ संतोष कुमार ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने बाइक सवारों से हमेशा हेलमेट पहनने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। डीटीओ ने कहा कि भविष्य में भी जिले में ऐसे अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

