अनुसंधान में लापरवाही पर गिरी गाज, गिरिडीह के SI प्रशांत कुमार निलंबित

गिरिडीह पुलिस महकमे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब कड़ा संदेश दिया जा रहा है। एक मामले के अनुसंधान में गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में पचंबा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) प्रशांत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक मामले के अनुसंधान को लेकर शिकायत सामने आने के बाद डीएसपी टू आर.के. राणा ने SI प्रशांत कुमार से स्पष्टीकरण मांगा था। जांच के दौरान उनके कार्यों में गंभीर त्रुटियां और लापरवाही पाए जाने के बाद मामला आरक्षी अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के समक्ष पहुंचा। उपलब्ध तथ्यों और जवाब की समीक्षा के बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को महज एक प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि पूरे महकमे के लिए एक स्पष्ट चेतावनी माना जा रहा है कि अनुसंधान कार्य में लापरवाही, कर्तव्यहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैया किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो मामले की विभागीय जांच अभी जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं यह संदेश भी गया है कि जनता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

You may have missed