भवनाथपुर में अंतरराज्यीय बस स्टैंड की मांग पर जिप सदस्य रंजनी शर्मा की सक्रियता रंग लाई; मुख्यमंत्री सचिवालय ने लिया संज्ञान, उपायुक्त ने राजस्व शाखा को भेजा पत्र

उप विकास आयुक्त को अंगवस्त्र व गुलदस्ता भेंट कर किया सम्मानित, आधुनिक बस पड़ाव निर्माण का मिला आश्वासन

भवनाथपुर क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य रंजनी कुमारी उर्फ रंजनी शर्मा की लगातार मांग को लेकर सरकार से प्रशासन तक कार्रवाई शुरू हो गई है। भवनाथपुर मुख्यालय में अंतरराज्यीय बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर जिप सदस्य रंजनी शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा एवं जिला प्रशासन को दिए गए मांग पत्र पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लिया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड रांची द्वारा उपायुक्त गढ़वा को पत्र भेजकर नियमानुकूल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय से प्राप्त पत्र के आलोक में उपायुक्त गढ़वा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर समाहर्ता राजस्व शाखा को भूमि उपलब्ध कराकर नियमानुकूल कार्रवाई हेतु भेजा है।

उप विकास आयुक्त को सौंपा मांग पत्र, मिली सकारात्मक पहल
जिप सदस्य रंजनी शर्मा ने मुख्यमंत्री सचिवालय एवं उपायुक्त द्वारा की गई अब तक की कार्रवाई के पत्र की छायाप्रति संलग्न करते हुए उप विकास आयुक्त गढ़वा की सेवा में मांग पत्र समर्पित कर भवनाथपुर में अंतरराज्यीय बस स्टैंड की शीघ्र स्थापना की मांग की।

मांग पत्र में रंजनी शर्मा ने उल्लेख किया कि भवनाथपुर “औद्योगिक नगरी” के रूप में जाना जाता है। यहां से झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों के लिए प्रतिदिन बसों का आवागमन होता है। बस पड़ाव/बस स्टैंड नहीं होने के कारण यात्रियों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को भारी कठिनाई होती है। बरसात में कीचड़ और गर्मी में धूप से लोग परेशान रहते हैं। जनहित में भवनाथपुर में आधुनिक बस पड़ाव का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

उप विकास आयुक्त ने लिया संज्ञान, दिया आश्वासन
उप विकास आयुक्त मैडम ने जिप सदस्य रंजनी शर्मा के मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए नियमानुकूल कार्रवाई हेतु पत्र को संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिया है। उन्होंने भवनाथपुर में आधुनिक बस पड़ाव/बस स्टैंड निर्माण हेतु शीघ्र पहल का आश्वासन भी दिया।

जिप सदस्य रंजनी शर्मा ने किया सम्मानित
इस अवसर पर जिप सदस्य रंजनी कुमारी उर्फ रंजनी शर्मा ने उप विकास आयुक्त मैडम को अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त मैडम ने जनहित में सक्रिय रहकर कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

संकल्प
जिप सदस्य रंजनी शर्मा ने कहा कि जब तक भवनाथपुर को अंतरराज्यीय बस स्टैंड की सौगात नहीं मिल जाती, तब तक उनका प्रयास जारी रहेगा। मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, माननीय विधायक श्री अनंत प्रताप देव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भवनाथपुर की जनता की सुविधा ही उनका संकल्प है।