माहुरी वैश्य महामंडल का 113वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न, समाज की एकता और सेवा भावना की दिखी झलक
गिरिडीह. माहुरी वैश्य महामंडल का 113वां स्थापना दिवस विभिन्न मंडलों में भव्य, प्रेरणादायक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर समाज की एकता, संस्कार, सेवा भावना एवं संगठन शक्ति की शानदार झलक देखने को मिली. स्थापना दिवस के दौरान समाज के वरिष्ठजनों, पूर्व पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित कर आभार व्यक्त किया गया. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जगहों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी चलाए गए, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा सके.
इस भव्य आयोजन में युवाओं और महिला शक्ति की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही. समारोह के तहत शतरंज प्रतियोगिता, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, युवा सम्मेलन और कई रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया. इसके अलावा कई मंडलों में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जो मानव सेवा के प्रति समाज के उत्तरदायित्व का एक बड़ा उदाहरण बना. इस पूरे कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने में केंद्रीय व मंडलीय नवयुवक समिति तथा महिला समिति के सदस्यों ने समर्पण और अनुशासन के साथ सराहनीय योगदान दिया. समाज के प्रबुद्ध जनों ने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और यह स्थापना दिवस समाज को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने का महापर्व बनकर उभरा है.

