⚠️ गिरिडीह में टोटो दुर्घटना, चालक और बुजुर्ग महिला घायल

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के समीप आज शुक्रवार को एक सवारी भरा टोटो अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसा। घटना में टोटो चालक और एक वृद्ध महिला घायल हो गए। ट्रैफिक पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल टोटो चालक राजू ने बताया कि वह टावर चौक से भंडारीडीह की ओर सवारियां लेकर आ रहा था। अंबेडकर चौक के पास अचानक टोटो का एस्केलेटर फैल गया, जिससे वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। चालक के गिरते ही बिना ड्राइवर के टोटो कुछ दूरी तक आगे चला और फिर अंबेडकर चौक स्थित नाले में जा गिरा। उसी समय रास्ते से जा रही एक वृद्ध महिला टोटो की चपेट में आ गई। घटना में चालक मामूली रूप से घायल हुआ जबकि वृद्ध महिला की चोटें गंभीर बताई जा रही हैं। वहीं टोटो में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है, पुलिस वृद्ध महिला के परिजनों को ढूँढने के प्रयास में जुट गई हैं और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं चिकित्सकों द्वारा दोनों घायलों का उपचार जारी है।