मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरीतिलैया में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित, विशेषज्ञों ने बताई उच्च शिक्षा के लिए सरकारी योजनाओं की राह

झुमरीतिलैया, 26 मई 2026: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरीतिलैया में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा के अवसरों और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देना था।

सत्र में करियर काउंसलर श्री अजीत कुमार तथा डॉ॰ सूरज प्रसाद ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। जैसे ई कल्याण स्कॉलरशिप प्रोग्राम, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (सी एस आर), इंटरेस्ट सुवेंशन स्कीम,प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना, नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति , पीएम विद्या लक्ष्मी पोर्टलऔर शिक्षा ऋण पर ब्याज सब्सिडी जैसी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी बड़े संस्थानों में पढ़ाई कर सकते हैं।”

उन्होंने छात्रों को बताया कि NSP.gov.in पोर्टल पर एक ही जगह केंद्र और राज्य की सभी छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन किया जा सकता है। लड़कियों के लिए प्रगति स्कॉलरशिप और दिव्यांग छात्रों के लिए सक्षम स्कॉलरशिप जैसी विशेष योजनाएं भी उपलब्ध हैं।

प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा, “अक्सर जानकारी के अभाव में प्रतिभाशाली छात्र आगे नहीं बढ़ पाते। हमारा प्रयास है कि हर बच्चा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने सपनों को पूरा करे।

विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा, “करियर चुनना सिर्फ कोर्स चुनना नहीं है, यह जीवन की दिशा तय करना है। सरकारी योजनाएं उस रास्ते की सबसे मजबूत सीढ़ी हैं। माता-पिता को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि कोई बच्चा सिर्फ पैसे की कमी से पढ़ाई न छोड़े।”

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे जिसका विशेषज्ञों ने जवाब दिया और छात्रों को सरकार की चल रही योजनाओं से अवगत करवाया। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को सही दिशा मिलेगी।