नाबालिग बच्चों से काम कराने की शिकायत पर प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल में छापेमारी
गिरिडीह: मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र स्थित प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल में नाबालिग बच्चों से जबरन काम कराने की शिकायत के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम स्कूल पहुंची और मामले की जांच की बताया गया कि स्कूल संचालक श्यामसुंदर वर्मा एवं लीलावती वर्मा पर नाबालिग बच्चियों एवं बच्चों से पढ़ाई के बजाय विभिन्न प्रकार के कार्य करवाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के लिए टीम गठित की गई।छापेमारी के दौरान श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी, एलईओ राजेश कुमार, विक्रम कुमार वर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर रंजीत कुमार साव तथा जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र कुमार सिंहा मौजूद रहे। टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया तथा तीन बच्चों को अपने साथ लेकर पूछताछ के लिए ले गई, ताकि पूरे मामले की सत्यता की जांच की जा सके स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों का कहना है कि बच्चों का स्थान विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करना है, न कि उनसे श्रम करवाना। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि नाबालिग बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम करवाना कानूनन अपराध है। बच्चों के मानसिक, शारीरिक और शैक्षणिक विकास की सुरक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच शुरू होने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

