भीषण गर्मी पर अलर्ट मोड में गिरिडीह प्रशासन, पियाऊ से लेकर जलापूर्ति तक व्यापक व्यवस्था

भीषण गर्मी पर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, गिरिडीह में पियाऊ से लेकर जलापूर्ति तक की व्यापक व्यवस्था शुरू

गिरिडीह : झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान को देखते हुए Hemant Soren एवं झारखंड सरकार के मुख्य सचिव के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। Ramnivas Yadav ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों, बीडीओ, सीओ, नगर निकाय पदाधिकारियों तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को आमजन को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत सरकारी कार्यालयों, बस स्टैंड, बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पियाऊ की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में भी राहगीरों एवं आम लोगों की सुविधा के लिए पेयजल केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जहां कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही हो, वहां तत्काल टैंकर या अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब पड़े चापाकलों, जलमीनारों और अन्य पेयजल संरचनाओं की मरम्मत का कार्य भी युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। संबंधित विभागों को पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। प्रशासन की ओर से राहत पहुंचाने हेतु सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।