नीलाम्बर-पीताम्बरपुर में सांसद का भव्य स्वागत, सड़क निर्माण की उठी मांग

नीलाम्बर-पीताम्बरपुर : प्रखंड अंतर्गत कुराईन पतरा पंचायत की मुखिया श्रीमती पुनम देवी के आवास पर चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह पहुंचे। सांसद के आगमन पर मुखिया पुनम देवी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।

ज्ञात हो कि मुखिया पुनम देवी के पति एवं भाजपा कार्यकर्ता वीरेंद्र कुमार सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उस समय सांसद क्षेत्र से बाहर रहने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसी सिलसिले में सांसद उनके आवास पहुंचे।

इस दौरान प्रखंड एवं पंचायत के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। मुखिया पुनम देवी ने सांसद के समक्ष पंचायत की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को रखते हुए लेस्लीगंज के जगर्नाथ जायसवाल (परसवन) के घर से ढेला होते हुए कुराईन पतरा मध्य विद्यालय, सतेंद्र सिंह के घर से होकर गिरिवर भुईयां के घर तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क निर्माण कराने की मांग की।

मुखिया ने कहा कि सड़क निर्माण होने से दो गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा बरसात के दिनों में लोगों को कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी। सांसद कालीचरण सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अनुशंसा पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मौके पर सांगवार पंचायत की मुखिया गीता देवी, पलामू जिला सांसद खनन प्रतिनिधि अक्षय कुमार, प्रखंड पूर्वी मंडल अध्यक्ष काशी विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश दुबे, पंकज मिश्रा, अंगद मेहता, सतेंद्र सिंह, गणेश सिंह, रवि प्रजापति, कौशल सिंह, अनूप सिंह, नकुल सिंह सहित काफी संख्या में समर्थक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।