रायडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डकैती की साजिश रच रहे 6 अपराधी गिरफ्तार
रायडीह पुलिस की बड़ी सफलता: डकैती की साजिश रच रहे छह अपराधी गिरफ्तार
देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद, गुप्त सूचना पर पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
गुमला। रायडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में रायडीह थाना कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार 22 मई को रायडीह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जगमाई गांव स्थित देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ लोग एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके पर मौजूद छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान अनिल साहु के पास से एक देशी कट्टा और उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं रीतेश दास के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा वर्मी सिंह के पास से आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जगमाई निवासी वर्मी सिंह एवं देवलाल खड़िया, कुलबुंडा निवासी रीतेश दास तथा पालकोट थाना क्षेत्र के कुलबीर निवासी अनिल साहु सहित कुल छह अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार साह, सहायक अवर निरीक्षक धनंजय सिंह एवं रायडीह थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा अपराधियों के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

