गिरिडीह में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान तेज, घर-घर होगा सत्यापन

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। लक्ष्य सूची को पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। जिले की छहों विधानसभा सीटों में Unmapped मतदाताओं की पहचान, सत्यापन और मैपिंग युद्धस्तर पर हो रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतों, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह श्रीकांत यशवंत विस्पुते व सभी सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी (AERO) ने क्षेत्रवार अनमैप्ड मतदाता सूची के प्रकाशन व सत्यापन कार्यों का ठोस निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रवार जानकारी का मिलान कर यह सुनिश्चित किया गया कि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट न जाए और सभी का सही मतदान केंद्र व विधानसभा क्षेत्र से समुचित मैपिंग हो। विशेष अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) व निर्वाचन कर्मचारी घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। तकनीकी या अन्य कारणों से अनमैप्ड रहे प्रविष्टियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा आवश्यक तकनीकी सहायता एवं क्षेत्रीय समन्वय के माध्यम से त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। रामनिवास यादव ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल करना आयोग का लक्ष्य है और सत्यापन कार्य समयबद्ध, निष्पक्ष व त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए। नागरिकों से अपील है कि वे त्रुटि सुधार, नाम संशोधन या नए नामों के लिये अपने BLO अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क करें।