भरनो में एसआईआर को लेकर बैठक, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिए गए अहम निर्देश

एसआईआर को लेकर भरनो प्रखंड कार्यालय में बैठक,बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

भरनो (गुमला):- आगामी 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले एसआईआर कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भरनो प्रखंड कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने की।बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों,सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।बैठक के दौरान बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने एसआईआर कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर पूरी तैयारी के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता एसआईआर प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य में पारदर्शिता और सतर्कता बरतने पर जोर दिया।बैठक में अनमैपिंग वोटरों की समीक्षा की गई तथा मैपिंग से संबंधित रिपोर्ट-1 एवं रिपोर्ट-2 तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।इसके अलावा नेशनल हाउसिंग नंबर से संबंधित बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।अधिकारियों ने बीएलओ को घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्रित करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बीडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 को ऑनलाइन करने के लिए एड्रेस प्रूफ और डेट ऑफ बर्थ प्रूफ में आधार कार्ड मान्य नहीं होगा।इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य वैध दस्तावेजों का उपयोग करना होगा।उन्होंने सभी कर्मियों को इस बदलाव की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने का निर्देश दिया ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक में बीडीओ द्वारा कई अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी दिशा-निर्देश भी दिए गए।उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए सभी कर्मी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।मौके पर मनिता कुमारी, बासुदेव राय, सुनीता कुमारी,सैयदा अहमदी,अभिषेक गुप्ता, मुरारी केशरी,मसही प्रकाश बड़ा,राजेंद्र उरांव समेत सभी बीएलओ,सुपरवाइजर एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।