किसानों की मांगों को लेकर धुरकी में भाजपा का आक्रोशपूर्ण धरना प्रदर्शन

धुरकी प्रखंड मुख्यालय पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा द्वारा एक दिवसीय आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। धरना के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय महागठबंधन सरकार ने किसानों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया है।
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने किसानों के धान का बकाया भुगतान जल्द करने की मांग उठाई। साथ ही धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 3200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की गई। नेताओं ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके अलावा किसानों का कृषि ऋण माफ करने और सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं को सही तरीके से लागू करने की भी मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। किसानों, युवाओं और मजदूरों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान परेशान हैं और उन्हें अपनी उपज का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और उनकी मांगों को पूरा करने की अपील की गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द किसानों की मांगों पर निर्णय नहीं लेती है, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।इस मौके पर काफी संख्या भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे