सरकारी विद्यालयों में मासिक परीक्षा बनी सफलता की सीढ़ी, 265 विद्यार्थियों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक
सरकारी विद्यालयों में मासिक परीक्षा बनी सफलता की सीढ़ी, 265 विद्यार्थियों ने हासिल किए 90% से अधिक अंक
गिरिडीह, सर जेसी बोस मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय सहित सरकारी विद्यालयों में प्रोजेक्ट RAIL के तहत प्रत्येक माह आयोजित होने वाली मासिक परीक्षा विद्यार्थियों के लिए अमृत समान साबित हो रही है। इन परीक्षाओं के सकारात्मक परिणाम अब विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।
गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष परीक्षा परिणामों में काफी सुधार देखने को मिला है। कुल 860 विद्यार्थियों में से करीब 265 विद्यार्थियों ने मासिक परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर न सिर्फ खुद को प्रोत्साहित किया, बल्कि विद्यालय परिवार का भी मनोबल बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा एवं शिक्षकों की टीम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य ने कहा कि नियमित अभ्यास, सतत अध्ययन और मासिक परीक्षा की निरंतर मॉनिटरिंग ही विद्यार्थियों की सफलता का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि पहले जहां केवल 8 विद्यार्थी ही 90 प्रतिशत से अधिक अंक ला पाए थे, वहीं इस बार यह संख्या बढ़कर 265 तक पहुंच गई है, जो विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति को दर्शाता है।
विद्यालय के विद्यार्थी भी इस उपलब्धि से काफी उत्साहित और खुश नजर आए। विशेष बात यह रही कि चार विद्यार्थियों ने चार-चार विषयों में टॉप कर कुल चार प्रशस्ति पत्र प्राप्त किए।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में और अधिक विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।

