तेज रफ्तार वैगनआर की जोरदार टक्कर से दो भैंसों की मौत, वाहन झाड़ी में जा गिरा

तेज रफ्तार वैगनआर की जोरदार टक्कर से दो भैंसों की मौत, वाहन झाड़ी में जा गिरा

रामप्रवेश गुप्ता

महुआडांड़ क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो भैंसों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार वैगनआर कार संख्या JH 01BF 2567 ने सड़क किनारे मौजूद दो भैंसों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि उसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में जा गिरा।
मृत दोनों भैंसें महुआडांड़ के फुलवार बगीचा के निवासी राजेंद्र यादव उर्फ फौऊदारी यादव की बताई जा रही हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। हालांकि वाहन में सवार लोगों को किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
भैंस मालिक राजेंद्र यादव ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।