महुआडांड़ के अंबावाटोली में करंट लगने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम
महुआडांड़ के अंबावाटोली में करंट लगने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम
रामप्रवेश गुप्ता
महुआडांड़ (लातेहार): महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र के अंबावाटोली गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान फिलीसीता बेगं (पति– इग्नासियुस कुजूर) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 9 बजे फिलीसीता बेगं अपने घर में कपड़ा सुखाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, जर्जर तारों की जांच कराने तथा लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

