भरनो प्रखंड के दुम्बो मंदिर के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बैल की मौत,चालक बाल-बाल बचा
भरनो प्रखंड के दुम्बो मंदिर के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बैल की मौत,चालक बाल-बाल बचा।
भरनो (गुमला):– एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दुम्बो हनुमान मंदिर के समीप रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वहीं दुर्घटना में कार चालक बाल-बाल बच गया,हालांकि उसकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत बैल दुम्बो गांव निवासी किसान सिरी महतो का था।बताया जाता है कि बैल घर के पास सड़क पार कर रहा था।इसी दौरान गुमला की ओर से रांची की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दीटक्कर इतनी भीषण थी कि बैल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।वहीं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।बताया जा रहा है कि कार चालक छत्तीसगढ़ से रांची की ओर जा रहा था।दुर्घटना के बावजूद चालक सुरक्षित बच गया।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए,ग्रामीणों की मदद से सड़क पर पड़े मृत बैल को हटाया गया तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को भी सड़क किनारे किया गया,ताकि यातायात सामान्य हो सके।घटना के बाद बैल मालिक सिरी महतो ने कार चालक से मृत बैल का उचित हर्जाना देने की मांग की।प्रारंभ में चालक हर्जाना देने को तैयार नहीं था,जिससे कुछ देर तक विवाद की स्थिति बनी रही।बाद में मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया।इसके बाद कार चालक ने बैल के अंतिम संस्कार एवं क्षति की भरपाई के लिए कुछ राशि देने पर सहमति जताई।ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-23 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित कराने तथा सड़क सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है।


