पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एसडीएम ने की बैठक

पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एसडीएम ने की बैठक

बिना सूचना प्रदर्शित किये पेट्रोल पंप बंद रखना अस्वीकार्य, लिखना होगा कारण

कालाबाजारी पर दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

पंप संचालकों की समस्याएं भी सुनी गई, प्रशासनिक सहयोग का दिया भरोसा

गढ़वा। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने शनिवार को सदर अनुमंडल क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की। यह बैठक जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम एवं अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित की गई।

बैठक में एसडीएम ने बताया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में लगभग 40 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें अधिकांश पंप सामान्य रूप से कार्यरत हैं। कुछ पेट्रोल पंप विभिन्न कारणों से अस्थायी रूप से बंद हैं। उन्होंने सभी पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना उचित कारण पेट्रोल पंप बंद नहीं रखे जाएंगे। यदि किसी दिन पंप बंद रहता है तो बड़े अक्षरों में कारण प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, जैसे स्टॉक उपलब्ध नहीं होना, मशीन खराब होना अथवा अन्य कारण।

उन्होंने सभी संचालकों को निर्देशित किया कि कहीं से भी कालाबाजारी अथवा अधिक मूल्य पर पेट्रोल बिक्री की शिकायत नहीं आनी चाहिए। एसडीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि जांच के दौरान यह जानकारी प्राप्त हो रही है कि कुछ खुदरा दुकानदार, जो परचून अथवा कपड़ा आदि की दुकान चलाते हैं, पेट्रोल पंपों से गैलन में पेट्रोल लेकर अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। इससे न केवल जिला प्रशासन एवं आपूर्ति विभाग की छवि प्रभावित होती है, बल्कि पेट्रोल कंपनियों की भी बदनामी होती है।

इस पर कुछ पंप संचालकों ने कहा कि वे सामान्यतः बाइक अथवा कार में ही पेट्रोल देते हैं, किंतु संभवतः लोग वाहनों से निकालकर बिक्री कर रहे हैं। हालांकि जब एसडीएम द्वारा बड़े गैलनों एवं कंटेनरों में पेट्रोल दिए जाने के प्रमाण प्रस्तुत किए गए तो कुछ संचालकों ने अपनी गलती स्वीकार की।

एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई चेन को जानबूझकर बाधित करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पंप संचालकों को अपने दैनिक स्टॉक का संधारण करने, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने तथा समय-समय पर पेट्रोल कंपनियों के पास मांग प्रेषित करते रहने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों की समस्याओं को भी सुना गया तथा उन्हें आश्वस्त किया गया कि विधि-व्यवस्था से जुड़े किसी भी मुद्दे पर जिला प्रशासन का पूरा सहयोग उन्हें प्राप्त होगा। इस दौरान संचालकों को कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया। साथ ही एसडीएम ने स्वयं, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए।

अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले के आम नागरिकों से भी अपील की कि वे वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए संयमित व्यवहार करें तथा किसी प्रकार की घबराहट में अनावश्यक पेट्रोल खरीदारी न करें। उन्होंने कहा कि पैनिक बाइंग से स्थिति बिगड़ सकती है, जबकि सभी नागरिकों के उपयोग के लिए फिलहाल पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध है।