जमीन विवाद को लेकर पचम्बा थाना क्षेत्र में तनाव, पुलिस ने रुकवाया बाउंड्री वॉल का काम

जमीन विवाद को लेकर पचम्बा थाना क्षेत्र में तनाव, पुलिस ने रुकवाया बाउंड्री वॉल का काम

गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा सुंदरतांड में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खाता नंबर 1, प्लॉट नंबर 63, कुल रकवा 2 एकड़ 70 डिसमिल में से 90 डिसमिल जमीन अनूप महतो को खतियान से प्राप्त है। अनूप महतो का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से उक्त जमीन पर काबिज हैं।

बताया गया कि कुछ दिन पूर्व अनूप महतो अपनी जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान कलेन्द्र खान और प्रवीण यादव नामक व्यक्तियों ने जमीन पर काम बंद करवा दिया। आरोप है कि रात के अंधेरे में तैयार की जा रही बाउंड्री वॉल को भी तोड़ दिया गया।

अनूप महतो ने आरोप लगाया कि प्रवीण यादव और कलेन्द्र खान जमीन को जबरन हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि जमीन 10 लाख रुपये में उन्हें दे दें, अन्यथा परिणाम गंभीर होंगे।

वहीं इस मामले में प्रवीण यादव ने कहा कि उक्त जमीन से उनका कोई लेना-देना नहीं है। दूसरी ओर कलेन्द्र खान ने अपने पक्ष में कहा कि यह जमीन उन्हें मीणा देवी द्वारा एग्रीमेंट के माध्यम से प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जमीन पहले से नीलाम हो चुकी है तथा वर्ष 1947 में इसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है।

फिलहाल मामला थाना में लंबित है। बुधवार सुबह जब पहले पक्ष द्वारा दोबारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा था, तब पुलिस मौके पर पहुंची और काम बंद करवा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना में उपस्थित होकर मामले का समाधान कराने का निर्देश दिया है।