गिरिडीह में वाहन जांच अभियान, बिना लाइसेंस चल रहे 16 टोटो पकड़े गए

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम के सख्त अनुपालन के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन विभाग, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान में बिना ड्राइविंग लाइसेंस चल रहे 16 टोटो वाहनों को पकड़ लिया। इन पर कुल 80,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिपीओ ने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा है। प्रत्येक चालक का प्रशिक्षित और लाइसेंसधारी होना अनिवार्य है। सघन जांच में मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 2 पिकअप वैन व 3 ट्रैक्टर जब्त किए गए। वहीं पचंबा थाना क्षेत्र में 4 पिकअप वैन और 1 एम्बुलेंस को विभिन्न अनियमितताओं के कारण सीज कर लिया गया।
वाहनों के कागजात, फिटनेस, परमिट, बीमा सहित सभी दस्तावेजों की गहन जांच की गई। दस्तावेजों की कमी या नियम उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई हुई। जिपीओ व एमवीआई स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।