डुमरी में भवरा के हमले से 75 वर्षीय वृद्ध गंभीर, एंबुलेंस न मिलने पर निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया

डुमरी में भवरा के हमले से 75 वर्षीय वृद्ध गंभीर, एंबुलेंस न मिलने पर निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया

डुमरी (गुमला) – डुमरी थाना क्षेत्र के अंबाटोली गांव निवासी 75 वर्षीय बालाशीष खाखा सोमवार दोपहर अपने मवेशियों को चराने बगीचे की ओर गए थे। इसी दौरान एक सेमल (सेंबल) पेड़ पर छत्ता बनाकर रह रहे भवरे अचानक भड़क उठे और उन पर हमला कर दिया। भवरे ने चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में लगातार डंक मारे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
किसी तरह स्वयं को बचाते हुए बालाशीष खाखा ने परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद समाजसेवी राजकुमार राज ने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर वाहन उपलब्ध कराने का प्रयास किया, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था की। हजारों रुपये खर्च कर शाम करीब 5:30 बजे घायल वृद्ध को सदर अस्पताल, गुमला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आपात स्थिति में एंबुलेंस की उपलब्धता एक बड़ी समस्या बनी हुई है, जिससे समय पर उपचार में बाधा आती है।