सिलम पुल के पास कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
सिलम पुल के पास कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
गुमला – गुमला जिले के रायडीह प्रखंड क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मनु महतो के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के जोरा तराई गांव का निवासी है। वह अपने रिश्तेदारों के यहां मेहमानी के लिए रायडीह प्रखंड अंतर्गत डोबडोबी केराडीह गांव आया हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनु महतो अपने दोस्तों के साथ सिलम बाजार गया था। बाजार से लौटते समय सिलम पुल के समीप अचानक एक कुत्ता सड़क पर दौड़कर आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।
इस हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को संभाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से शाम करीब 5:30 बजे उसे सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।

