पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, होटल में घुसी बस, महिला समेत दो घायल
पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, होटल में घुसी बस, महिला समेत दो घायल
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग स्थित परियाण में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार “विष्णु रथ” नामक बस अनियंत्रित होकर सीधे ऋतु मंडल के होटल में जा घुसी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के होटल में घुसने से होटल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस दुर्घटना में होटल संचालक ऋतु मंडल की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. वहीं एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी सूचना दे दी गई है. फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है. हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटने वाली है.

