सिताडीह के निभा ने किया कमाल: प्रखंड में टॉप, जिले में सातवां स्थान

सिताडीह के निभा ने किया कमाल: प्रखंड में टॉप, जिले में सातवां स्थान

पलामू नीलांबर-पीताम्बरपुर:
प्रखंड क्षेत्र के ग्राम सिताडीह की होनहार छात्रा निभा कुमारी ने इंटरमीडिएट (आर्ट्स) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 441 अंक प्राप्त किए हैं। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ उन्होंने नीलांबर-पीताम्बरपुर प्रखंड में पहला स्थान हासिल किया है, वहीं जिले में सातवां स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

निभा कुमारी, पिता बसंत राम, की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी उच्च उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

बताया जाता है कि निभा कुमारी राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, लेस्लीगंज की छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय का भी मान बढ़ा है। शिक्षकों और ग्रामीणों ने निभा की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

निभा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।