बेंगाबाद में अवैध आरा मिल पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से किया ध्वस्त
गिरिडीह के बेंगाबाद के बिजली बथान में चल रहे अवैध आरा मिल पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाया। रेंजर एस.के. रवि के नेतृत्व में पहुंची टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित आरा मिल को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मिल परिसर को जेसीबी मशीन की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी में टीम को लगभग दो लाख रुपये मूल्य की बेशकीमती इमारती लकड़ियां भी मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। जब्त आरा मिल और लकड़ियों को वन विभाग द्वारा बेंगाबाद रेंज कार्यालय ले जाया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

