बरवाडीह में सड़ा चावल बना मौत का कारण, एक गाय की मौत, कई बीमार

बरवाडीह । प्रखंड के ठूठाकुसुम स्थित शांति निकेतन स्कूल के समीप किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब 40 बोरा खराब और सड़ा हुआ चावल फेंक दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि खुले में पड़े इस चावल को खाने से कई गाय गंभीर रूप से बीमार पड़ गईं, जबकि एक गाय की मौत हो चुकी है। घटना के बाद पशुपालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय पशुपालकों अब्दुल सलाम, चन्दन देवी, सरस्वती देवी, शिला देवी समेत अन्य लोगों ने बताया कि उनकी कई गायों की हालत बिगड़ गई है। सरस्वती देवी ने बताया कि उनकी तीन गाय बीमार हो गईं, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक है और मौत के कगार पर पहुंच गई है। पशुपालकों ने कहा कि जानवरों के इलाज में अब तक हजारों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में खराब चावल किसने यहां फेंका। लोगों का कहना है कि यह पीडीएस डीलर का चावल है या किसी अन्य व्यक्ति का, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। घटना के बाद पशुपालक सरस्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं अन्य पशुपालक भी सदमे में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि दीपक राज मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया। उन्होंने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए पूरे मामले की जानकारी आपूर्ति पदाधिकारी सुमित तिवारी एवं बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार को दी। साथ ही प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इलाके में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।