बरवाडीह में चैता दुगोला महासंग्राम, रातभर झूमे दर्शक
बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित रेलवे स्पोर्ट्स क्लब में शनिवार की देर शाम चैता दुगोला महासंग्राम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कला और परंपरा की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्घाटन ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के शाखा सचिव सुनील कुमार सिंह, अजय कुमार यादव, SK पाठक एवं सांसद प्रतिनिधि दीपक राज सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन से समाज में सांस्कृतिक एकता मजबूत होती है और हमारी लोक परंपराओं को सहेजने का कार्य होता है। उन्होंने कहा कि चैता दुगोला जैसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति की पहचान हैं और इन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। वहीं अजय कुमार यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आती है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान दोनों व्यासों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ, जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी रात चले इस महासंग्राम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में रेल कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद थे।



