पांकी में सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, हफ्तों बाद भी आरोपी फरार

पांकी के गोगाड़ में सब्जी विक्रेता पर हुए जानलेवा हमले के कई हफ्ते बीत जाने के बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर, परिजनों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

सब्जी बेचकर होता था गुजारा , इलाज में लाखों का खर्च होने से परिवार की बढ़ी मुश्किलें

पांकी के गोगाड़ गांव निवासी सब्जी विक्रेता अनिल कुमार के साथ 15 मार्च की शाम आसेहार बाजार से अपने घर लौटने के दौरान घर से कुछ ही दूरी पर सुनसान स्थल पर घात लगाए 8 से 10 की संख्या में अज्ञात लोगों के द्वारा धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला किया गया था, व घटना को अंजाम देकर अपराधी फरार भी हो गए थे, इस घटना में अनिल कुमार के पूरे शरीर में दर्जनों स्थान पर गहरे एवं अत्यंत गंभीर जख्म हो गए थे, गंभीर रूप से घायल सब्जी विक्रेता करीब दो सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहे, फिलहाल उन्हें अस्पताल से तो छुट्टी मिल गई है लेकिन इलाज चल रहा है। घटना के बाद डर के साए में एवं आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार लगातार प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
रविवार को घटना के संबंध में पीड़ित अनिल कुमार एवं उनके परिजनों ने चिंता जाहिर करते हुए बताया कि घटना के कई हफ्ते बीत जाने के बाद भी दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से पूरा परिवार डर के साए में हैं, परिजनों ने बताया कि घटना के संबंध में थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक पलामू को भी आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है लेकिन अभी भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, पीड़ित अनिल कुमार ने यह भी कहा कि आंशिक रूप से स्वस्थ होने के बाद वे स्वयं पांकी थाने में लिखित आवेदन देकर नामजद लोगों पर कार्रवाई की मांग भी किए हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से वे बेहद परेशान हैं। पीड़ित परिवार के द्वारा पुलिस अधीक्षक से तत्काल इस मामले में शामिल सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, इस मामले में टेक्निकल टीम से भी मदद ली जा रही है, जांच की पश्चात तत्काल कार्रवाई की जाएगी।