कॉम्प्रिहेंसिव बनाम थर्ड-पार्टी मोटर इंश्योरेंस – किससे मिलेगा ज़्यादा फायदा
कॉम्प्रिहेंसिव बनाम थर्ड-पार्टी मोटर इंश्योरेंस – किससे मिलेगा ज़्यादा फायदा?
लेखक श्री राकेश कौल, चीफ डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिसर – रिटेल बिज़नेस, बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (पूर्व नाम बजाज आलियांज़ जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड)
जब मोटर इंश्योरेंस खरीदने की बात आती है, तो कई बातों पर ध्यान देना ज़रूरी होता है. इनमें सबसे अहम है यह तय करना कि आपको किस प्रकार का कवरेज चाहिए. भारत में अधिकांश इंश्योरेंस कंपनियां मोटर इंश्योरेंस की दो तरह की पॉलिसीज़ देती हैं – थर्ड-पार्टी पॉलिसी और कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी. काफी लोग इन दोनों के बीच अंतर को लेकर कन्फ्यूज़ रहते हैं और अक्सर इन शब्दों को एक-दूसरे के स्थान पर इस्तेमाल कर लेते हैं. लेकिन वास्तव में, ये दोनों पॉलिसीज एक-दूसरे से पूरी तरह अलग होती हैं.
थर्ड-पार्टी और कॉम्प्रिहेंसिव मोटर इंश्योरेंस क्या है?
थर्ड-पार्टी मोटर इंश्योरेंस मोटर वाहन अधिनियम के तहत सबसे बुनियादी और कानूनी रूप से आवश्यक कवरेज है. यह उस स्थिति में आपकी वित्तीय देयताओं को कवर करती है, जब आपके वाहन से किसी अन्य व्यक्ति या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है. इस वैधानिक देयता कवर के अलावा, थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस में पर्सनल एक्सीडेंट (PA) से जुड़े लाभ भी शामिल होते हैं, जैसे ओनर-ड्राईवर के लिए कम्पलसरी पर्सनल एक्सीडेंट (CPA) कवर, यात्रियों के लिए वैकल्पिक PA कवर, और पेड ड्राइवर या क्लीनर के प्रति देयता कवर. कॉम्प्रिहेंसिव मोटर इंश्योरेंस इससे एक कदम आगे जाता है, इसमें थर्ड-पार्टी सुरक्षा के साथ-साथ आपके अपने वाहन को होने वाले नुकसान का भी कवर मिलता है, जैसे दुर्घटना, चोरी, आग, तोड़फोड़ या प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति. इसके अलावा, पॉलिसीधारक अपनी सुरक्षा को और मज़बूत करने के लिए ज़ीरो डेप्रिसिएशन, रोडसाइड असिस्टेंस और इंजन प्रोटेक्शन जैसे वैकल्पिक ऐड-ऑन्स भी चुन सकते हैं. इस तरह कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी उन लोगों के लिए बेहतर है जो अनिवार्य थर्ड-पार्टी लायबिलिटी कवर के साथ अपने वाहन के लिए कॉम्प्रिहेंसिव फाइनेंशियल सुरक्षा भी चाहते हैं.
मुख्य अंतर: कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी बनाम थर्ड-पार्टी लायबिलिटी ओनली पॉलिसी
कवरेज का दायरा: थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस केवल दूसरों के प्रति आपकी देयताओं को कवर करता है, जैसे किसी व्यक्ति को चोट लगना, मृत्यु होना या उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचना. दूसरी ओर, कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी, एक व्यापक सुरक्षा कवर प्रदान करती है, जो न सिर्फ थर्ड-पार्टी देयताओं को शामिल करती है, बल्कि आपके अपने वाहन को हुए भौतिक क्षति के परिणामस्वरूप हुई वित्तीय हानि की भी भरपाई करती है.
प्रीमियम की कीमत और किफायत: कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी थर्ड-पार्टी देयताओं के साथ-साथ आपके अपने वाहन को होने वाले नुकसान को भी कवर करती है, जिससे यह वाहन मालिकों के लिए बेहतर वैल्यू प्रदान करने वाला विकल्प बन जाती है. थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस जहां केवल दूसरों के प्रति आपकी देयताओं तक सीमित रहता है, वहीं कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी आपके अपने वाहन को भी सुरक्षा प्रदान कर मन की अतिरिक्त शांति देती है. इसके अलावा, ज़ीरो डेप्रिसिएशन, रोडसाइड असिस्टेंस और इंजन प्रोटेक्शन जैसे ऐड-ऑन्स के माध्यम से कवरेज को और मज़बूत किया जा सकता है, जिससे आप अपनी ज़रूरतों के अनुसार पॉलिसी को ढाल सकते हैं. वाहन की आयु, इंजन की क्षमता और ड्राइविंग हिस्ट्री जैसे कारक सुरक्षा के दायरे को निर्धारित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ताकि पॉलिसी को व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके और अधिकतम लाभ मिल सके.
ऐड-ऑन्स और कस्टमाइज़ेशन के विकल्प: थर्ड-पार्टी और कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी की तुलना करते समय सबसे बड़ा अंतर ऐड-ऑन्स और कस्टमाइज़ेशन की सुविधा में देखने को मिलता है. थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस एक बुनियादी और अनिवार्य पॉलिसी है, जो केवल थर्ड-पार्टी देयताओं को कवर करती है और इसमें किसी प्रकार के कस्टमाइज़ेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होती. दूसरी ओर, कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी इंश्योरेंस कई तरह के ऐड-ऑन्स प्रदान करती है, जिनके माध्यम से कवरेज का दायरा बढ़ाया जा सकता है और बेहतर सुविधा मिलती है. ज़ीरो डेप्रिसिएशन कवर, रोडसाइड असिस्टेंस और रिटर्न-टू-इनवॉइस जैसे विकल्प पॉलिसीधारकों को अपने वाहन के उपयोग और संभावित जोखिमों के अनुसार पॉलिसी को अनुकूलित करने की सुविधा देते हैं. इसी से थर्ड-पार्टी पॉलिसी की तुलना में कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी इंश्योरेंस ज़्यादा अनुकूल साबित होती है, जिससे ड्राइवरों को उनकी विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार कवरेज चुनने की आज़ादी मिलती है. कोई भी निर्णय लेने से पहले मोटर इंश्योरेंस के सभी उपलब्ध विकल्पों को सावधानीपूर्वक चेक करना हमेशा बेहतर होता है.
सही प्रकार के मोटर इंश्योरेंस का चुनाव कैसे करें?
थर्ड-पार्टी और कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी मोटर इंश्योरेंस के बीच चुनाव पूरी तरह से आपकी परिस्थितियों पर निर्भर करता है.
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस तब उपयुक्त माना जा सकता है, जब आपका उद्देश्य केवल कानूनी अनिवार्यता को पूरा करना हो और आप अपने वाहन को होने वाले नुकसान से जुड़े वित्तीय जोखिम स्वयं उठाने के लिए तैयार हों, जैसे दुर्घटना, बाढ़, चोरी. आदि.
कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस उन लोगों के लिए ज़्यादा उपयुक्त है, जो अपनी भविष्य की वित्तीय सुरक्षा को लेकर गंभीर और ज़िम्मेदार दृष्टिकोण रखते हैं. और वाहन को होने वाले अचानक नुकसान से उत्पन्न आर्थिक झटकों से बचना चाहते हैं.
इन दोनों के बीच अंतर केवल कवरेज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपकी वित्तीय सुरक्षा और जोखिम के प्रति तैयारी से भी जुड़ा है. अगर आपकी प्राथमिकता केवल कम लागत में कानूनी अनुपालन बनाए रखना है, तो थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस पर्याप्त हो सकता है. वहीं, अगर आप विभिन्न प्रकार के जोखिमों के खिलाफ व्यापक सुरक्षा चाहते हैं, तो कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस ज़्यादा उपयुक्त विकल्प साबित होता है. अपने ड्राइविंग व्यवहार, वाहन के मूल्य और स्थान से जुड़े संभावित जोखिमों जैसे कारकों का आकलन करने से आपको अपनी आवश्यकता के अनुसार सही पॉलिसी चुनने में मदद मिलती है.

