गढ़वा में निजी स्कूलों की मनमानी पर भड़का छात्र मोर्चा, फीस ऑडिट की मांग
झारखंड छात्र मोर्चा, गढ़वा इकाई ने जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को ज्ञापन दे कर ध्यान आकृष्ट कराया है। ज्ञापन के माध्यम से जिले के सभी निजी विद्यालयों के फीस स्ट्रक्चर की तत्काल ऑडिट (जांच) कराई जाए।बिना मानक (पर्याप्त भवन, मैदान आदि के अभाव) के संचालित विद्यालयों की मान्यता की समीक्षा की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया जाए ऐसी मांग पत्र प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा। मोर्चा ने प्रेस के माध्यम से कहा है कि झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण के नियमों के विरुद्ध जाकर कई स्कूल प्रबंधन अभिभावकों से ट्यूशन फीस के अतिरिक्त बिल्डिंग चार्ज, बिजली बिल, स्पेशल चार्ज एवं कंप्यूटर शुल्क जैसे विभिन्न नामों पर अवैध वसूली कर रहे हैं, जो पूर्णतः गैरकानूनी है।मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया है कि जिले के कई निजी विद्यालय मात्र 2-3 अस्थाई कमरों में संचालित हो रहे हैं, जहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। इन विद्यालयों में न तो कक्षाओं का आकार मानक के अनुरूप है, न पर्याप्त खेल का मैदान उपलब्ध है, न अग्निशमन की समुचित व्यवस्था है और न ही पुस्तकालय की सुविधा मौजूद है। यह स्थिति शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निर्धारित भूमि एवं इंफ्रास्ट्रक्चर मानकों का खुला उल्लंघन है।
इसके अतिरिक्त, विद्यालय प्रबंधन द्वारा सत्र के बीच में ही नए-नए शुल्क जोड़ दिए जाते हैं, जिससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यह प्रवृत्ति शिक्षा को व्यवसाय में बदलने की ओर संकेत करती है, जो समाज के लिए चिंताजनक है। जिलाध्यक्ष निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि, शिक्षा सेवा का क्षेत्र है न कि मुनाफाखोरी का माध्यम।निजी विद्यालयों द्वारा इस प्रकार की मनमानी वसूली और नियमों की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।झारखंड छात्र मोर्चा छात्रों और अभिभावकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। झारखंड छात्र मोर्चा ने जिला प्रशासन से इस विषय पर अविलंब संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि छात्रों एवं अभिभावकों को न्याय मिल सके। मौके पर जिला सचिव विकास चंद्रवंशी, जिला संगठन सह सचिव आर्यन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सूरज तिवारी, शुभेन्द्र दुबे, आदित्य कुमार, सौरभ सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

