“छठ घाटों पर उमड़ा जनसैलाब, डूबते सूर्य को अर्पित हुआ पहला अर्घ्य”
लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूजा के तीसरे दिन मंगलवार को अरगाघाट समेत विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पण किया गया।इस मौके पर सभी घाटों पर आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र के अरगाघाट छठ घाट, दीनदयाल छठ घाट, सिहोडीह छठ घाट, शिव शक्ति घाट, बरगंडा स्थित आमघाट, शास्त्री नगर स्थित अमित बरदियार छठ घाट प्रोफेसर कॉलोनी छठ घाट पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान सूर्य देव को दूध और जल का अर्घ्य अर्पण किया गया। इस दौरान छठ को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। बता दे कि यह पर्व रविवार को नहाय खाय के साथ शुरू हुआ था। सोमवार को पूरी निष्ठा के साथ खरना विधान संपन्न हुआ। खरना का महा प्रसादी ग्रहण करने के बाद छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी शुरू हो गया था। आज पूरे विधि विधान के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया गया। बुधवार की सुबह उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा। इस दौरान छठ घाटों पर साफ-सफाई भी पूरी तरह से देखने को मिली। वहीं व्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए व्यस्था किया गया था। वहीं जगह जगह सजावट भी देखने को मिला। कुल मिलाकर छठ महापर्व में लोग भक्ति में पूरी तरह से लीन नज़र आए।

