सतबरवा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर, नमाज के बाद भाईचारे का नजारा
सतबरवा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर, नमाज के बाद भाईचारे का नजारा
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड में शनिवार को ईद-उल-फितर बड़े उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। जामा मस्जिद में सुबह 8:45 बजे और ताहा मस्जिद में 9:00 बजे अकीदत व पाकीजगी के साथ ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान सैकड़ों नमाजियों ने हिस्सा लिया और देश में अमन-चैन तथा खुशहाली की दुआएं मांगीं।
नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में ईदी प्राप्त करने का खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नजर आईं।
जामा मस्जिद में इमाम तौफीक आलम मिस्बाही ने नमाज अदा करवाई और खुतबे में कहा कि ईद का त्योहार खुशियां बांटने और बढ़ाने वाला अवसर है। यह हमें साथ रहना, गरीबों की मदद करना और बुराइयों से दूर रहना सिखाता है। रमजान में एक महीने रोजे रखकर खुद को संयमित रखने के बाद फर्ज बनता है कि गरीबों को भी ईद की खुशियां मिलें। इसलिए उनकी मदद जरूर करनी चाहिए। ईद गिले-शिकवे भूलकर गले मिलना और भाईचारे को मजबूत करना सिखाती है। इंसानियत सबसे ऊपर है।
ताहा मस्जिद के इमाम मौलाना सरफराज रहबर ने अपने संदेश में कहा कि हमेशा पड़ोसियों का ख्याल रखना चाहिए, चाहे वे किसी भी धर्म के हों।
इस मौके पर सतबरवा के जनप्रतिनिधियों ने भी मस्जिद परिसर पहुंचकर सभी को ईद की मुबारकबाद दी। कार्यक्रम में नौशाद आलम, मो. अदनान अशरफ, मो. सैफुल्लाह, मो. अताउल्लाह, मो. तमसिर, मो. अनीस, मो. समीर, मो. शाहनवाज आलम, बाबू खान, नजीर अजहर, मो. राजा हुसैन, ताहा, मुजफ्फर, नासिर, सलमान, सुफियान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ईद के इस पावन अवसर पर पूरा सतबरवा भाईचारे और खुशियों के रंग में रंगा नजर आया।

