गैस संकट पर फूटा गुस्सा: गुमला में सड़क जाम, 5 दिनों से लाइन में खड़े लोगों का आक्रोश”

गुमला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गैस की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा है। समाहरणालय के समीप सैकड़ों की संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि जैसे ही गैस से भरी गाड़ी गुमला पहुंचती है, उसे सीधे गैस गोदाम के अंदर भेज दिया जाता है, जिससे आम लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि वे पिछले 5 दिनों से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।

गैस की कमी और वितरण में अनियमितता को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सड़क जाम होने से आवागमन भी पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर प्रशासन की टीम पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन लोगों की मांग है कि गैस की आपूर्ति व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए।

फिलहाल गुमला में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है।