गिरिडीह में ICT चैंपियनशिप के विजेता छात्र सम्मानित, ई-शिक्षा महोत्सव 2025 का आयोजन”
ई-शिक्षा महोत्सव 2025: जिला स्तरीय ICT चैंपियनशिप के विजेता छात्र और इंस्ट्रक्टर हुए सम्मानित।
गिरिडीह ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित ‘ICT चैंपियनशिप’ परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त (DDC) स्मृति कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद के साथ ADPO, APO और ACP द्वारा संयुक्त रूप से प्रखंड व जिला स्तरीय विजेताओं को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी और आने वाला समय पूरी तरह से कंप्यूटर और तकनीक का है। उन्होंने छात्रों को तकनीकी कौशल (Technical Skills) में दक्ष होने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद ने बताया कि यह प्रतियोगिता सबसे पहले विद्यालय स्तर पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 25,788 छात्र-छात्राओं का परीक्षा हुआ जिसमें प्रखंड स्तरीय परीक्षा के लिए 1,478 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ। इसके बाद जिला स्तर पर गिरिडीह के सभी 13 प्रखंडों से कुल 103 विद्यार्थियों का चयन हुआ।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिए कुल 103 छात्र छात्राओं में से 08 छात्र छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए हुआ।
सम्मान समारोह में मुख्य रूप से जिला स्तर पर नाम रोशन करने वाले निम्नलिखित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया:- प्रज्ञा कुमारी (SOE जे.सी. बोस), ऋतिक वर्मा (गिरिडीह एच.एस. गिरिडीह), अंजलि भारती (SOE जे.सी. बोस), मो. असद (एच.एस. पचंबा), सोनाली कुमारी (एच.एस. बेंगाबाद), तथागत तुलसी (एच.एस. पचंबा), प्रिया कुमारी (KGBV गिरिडीह), अंकुश कुमार यादव (मॉडल स्कूल तिसरी)
विशिष्ट अतिथि एडीपीओ प्रकाश कुमार ने बच्चों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और सभी ICT इंस्ट्रक्टरों को निर्देश दिया कि वे अब बेसिक कंप्यूटर ज्ञान के साथ-साथ छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भी क्लास कराएं। जिला MIS सह ICT प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद वर्मा ने सभी अभिभावकों, प्राचार्यों और इंस्ट्रक्टरों का आभार प्रकट किया और जिले के सरकारी स्कूलों में संचालित स्मार्ट क्लास की उपलब्धियों को साझा किया।
मंच का संचालन डिजिटल एजुकेशन फैसिलिटेटर विशाल वर्मा ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर ICT के जिला समन्वयक संतोष प्रमाणिक, सुनील कुमार, संदीप मिश्रा और पवन कुमार उपस्थित थे।

