“पांकी में रहस्यमयी हालात में महिला की मौत, दो दिन बाद कुएं में मिला शव”

रहस्यमयी परिस्थितियों में महिला की मौत, दो दिन बाद कुएं में मिला शव

पांकी से संजीव कुमार प्रजापति की रिपोर्ट

पांकी। पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के मगहिया टोला में एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दो दिनों से लापता महिला का शव शनिवार की रात करीब 8 बजे गांव के ही एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान ललिता देवी (40 वर्ष), पति दिनेश राम, आसेहार पंचायत मगहिया टोला निवासी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि ललिता देवी 12 मार्च को गांव के ही एक गोतिया के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। यह समारोह उसके घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर था। ग्रामीणों के अनुसार 12 मार्च की रात करीब 12 बजे तक ललिता देवी को शादी समारोह में देखा गया था। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार की रात करीब 8 बजे शादी समारोह स्थल के समीप स्थित एक कुएं में उसका शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुएं में शव मिला है, उसी कुएं से शनिवार सुबह मोटर चलाकर खेत की सिंचाई की गई थी। उस समय कुएं में कुछ भी नहीं था। ऐसे में लोगों को आशंका है कि महिला की हत्या कर जल्दबाजी में शव को कुएं में फेंका गया होगा। घटना की सूचना पंचायत के मुखिया द्वारा पांकी थाना को दे दी गई है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगी। वहीं इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। हालांकि खबर लिखने तक प्रशासन घटना स्थल तक नहीं पहुंच सकी है ।

You may have missed