“खेलते-खेलते सोख्ता में गिरा मासूम, अस्पताल में मौत”
मेराल थाना क्षेत्र के गोंदा पंचायत के बीडीसी कृष्णदेव प्रजापति का 3 वर्षीय पोता भजन लाल प्रजापति पिता बबन प्रजापति की शुक्रवार को घर के पास ही बने सोखता में गिर जाने से दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कृष्ण देव प्रजापति के घर में बेटी की शादी की बारात आने वाली थी,शादी ब्याह के माहौल में सभी लोग व्यस्त थे इसी दौरान वह बच्चा खेलने के क्रम में सोखता में गिर गया। जानकारी मिलने के बाद आनन फानन में लोग बच्चा को मेराल अस्पताल लाए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस दर्दनाक घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार इधर घटना के बाद बारात तो आई लेकिन सिर्फ दूल्हा और उनके घर के कुछ सदस्य और विवाह के नाम पर बस कोरम पूरा किया गया। इस दर्दनाक हादसे की चर्चा पूरे क्षेत्र में है । इस घटना की सूचना पाकर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर बीडीसी कृष्णदेव प्रजापति के घर पहुंचकर ढांढस बंधाया और उन्होंने कहा कि इस दुख के घड़ी में हम आपके परिवार के साथ हैं।

