तरहसी के मिशिर पातरा में दलितों का रास्ता रोके जाने का मामला, भीम आर्मी–आज़ाद समाज पार्टी ने लिया संज्ञान
तरहसी (पलामू), झारखंड | दिनांक: 31 दिसंबर 2025 (बुधवार)
आज दिनांक 31/12/2025, दिन बुधवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आज़ाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने तरहसी प्रखंड अंतर्गत तरहसी पंचायत के मिशिर पातरा गांव पहुंचकर दलित समुदाय का रास्ता रोके जाने के मामले का स्थलीय निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने गांव में निवास कर रहे दलित समुदाय के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
गांव में लगभग 50 घरों की आबादी वाले दलित समुदाय का मुख्य सड़क से जुड़ने वाला रास्ता विगत 6 दिसंबर 2025 से अवरुद्ध कर दिया गया है, जिसको लेकर भीम आर्मी एवं आज़ाद समाज पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव श्री नागमणि रजक ने कहा कि देश को आज़ाद हुए 75 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी दलित समाज पर जुल्म और अत्याचार उसी तीव्रता से जारी है। मिशिर पातरा गांव में दलित समुदाय के बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी हो रही है, जिससे उनके भविष्य और विकास को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों एवं बीमार लोगों को अस्पताल जाने में कठिनाई हो रही है, वहीं रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं लाने में भी ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह पूरी घटना स्पष्ट रूप से जाति देखकर की जा रही प्रताड़ना को दर्शाती है।
श्री रजक ने इस मामले को लेकर अमीन से मुलाकात कर अनुरोध किया कि जब यह रास्ता लगभग 40 वर्षों से उपयोग में है, तो अचानक कुछ भू-माफियाओं द्वारा इसे रोका जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अंचलाधिकारी (CO) से भी मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, परंतु कॉल रिसीव नहीं किया गया।
हालांकि, ग्रामीणों के समक्ष यह आश्वासन दिया गया कि जल्द ही रास्ते का समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र रास्ता बहाल नहीं किया गया तो आज़ाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी तरहसी अंचल प्रशासन की होगी।
प्रदेश प्रवक्ता राम कुमार रवि एवं जिला वरीय उपाध्यक्ष अबूदर्दा खान ने संयुक्त रूप से कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा रास्ता रोका जाना स्पष्ट रूप से जातीय शोषण का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ भू-माफियाओं के इशारे पर किया जा रहा है, जिससे गरीब, दलित एवं असहाय लोगों को परेशान किया जा रहा है और उनकी जमीनों पर कब्जे का प्रयास हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की।
मौके पर उपस्थित ग्रामीण वासी कईल साव ने भी इस मामले पर विरोध जताया और कहा कि ग्रामीण जनता को रास्ता मिलना चाहिए।।
इस अवसर पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता सहित ग्रामणी जनता धर्मेंद्र कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे, जो वर्षों पुराने रास्ते की बहाली की आस लगाए खड़े थे।
— जारीकर्ता —
नागमणि रजक
प्रदेश संगठन सचिव
आज़ाद समाज पार्टी, झारखंड

