महुआडांड़ का सुरकाई फॉल आज भी विकास से वंचित, सुविधाओं के अभाव में उपेक्षित पर्यटन स्थल
महुआडांड़ प्रखंड का प्रसिद्ध प्राकृतिक जलप्रपात सुरकाई फॉल आज भी विकास की राह देख रहा है। ऊँचाई से गिरता झरना, चारों ओर फैली घनी हरियाली और शांत वातावरण इसे झारखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शामिल करता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने इस पर्यटन स्थल को उपेक्षित बना दिया है।स्थानीय ग्रामीणों के बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में स्थानीय व दूर-दराज़ के पर्यटक सुरकाई फॉल देखने पहुँचते हैं। खासकर बरसात और छुट्टियों के मौसम में यहाँ अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है। इसके बावजूद पर्यटकों के लिए सड़क, शौचालय, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं।सुरकाई फॉल तक पहुँचने वाली सड़क की स्थिति बेहद जर्जर है। बारिश के दिनों में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे यहाँ पहुँचना जोखिम भरा हो जाता है। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, क्योंकि स्ट्रीट लाइट या सुरक्षा निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।इस लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सरकार ने ध्यान नहीं दिया, तो यह महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर अपनी पहचान खो सकती है। स्थानीय जनता की प्रमुख माँग है कि सुरकाई फॉल को राज्य पर्यटन स्थल घोषित कर यहाँ आधारभूत संरचना का विकास किया जाए
ग्रामीणों का मानना है कि सुरकाई फॉल के विकास से होटल, दुकान, गाइड सेवा, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे महुआडांड़ के साथ-साथ पूरे लातेहार और पलामू प्रमंडल में रोज़गार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

