महुआडांड़: टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ थाना क्षेत्र के परहाटोली गांव में एक व्यक्ति पर टांगी से जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त हथियार (टांगी) को भी जब्त कर लिया है।
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, परहाटोली निवासी बजू घांसी पर गांव के ही शिशुपाल नायक उर्फ शिशुपाल राम (25 वर्ष), पिता त्रिभुवन घाँसी ने टांगी से माथे पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में बजू घांसी गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महुआडांड़ थाना कांड संख्या- 55/25, धारा- 109(1)/118(2) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
थाना प्रभारी का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा:
”पुलिस ने आरोपी शिशुपाल नायक को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई टांगी बरामद कर ली गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, लातेहार भेज दिया गया है।”
पुलिस की सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “किसी भी परिस्थिति में इस तरह के अपराध या अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।”

