पाकिस्तान में जमीन के लिए भिड़े दो आदिवासी समुदाय, 49 लोगों की हुई मौत
पाकिस्तान इस समय दंगे की आग में जल रहा है. दो आदिवासी समुदाय एक छोटे से जमीन के टुकड़े के लिए लड़ रहे हैं. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में हुई झड़प में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 200 से ज्यादा लोग घायल हैं, कई हालत इतनी गंभीर है कि मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है. इस दंगे में छोटी रेंज की मिसाइलें, मोर्टार, रॉकेट और ऑटोमेटिक गन तक का इस्तेमाल किया जा रहा है. स्थानीय पुलिस ने बताया कि पांच दिन पहले जमीन के विवाद को लेकर 2 जनजातियों के बीच झड़प हुई थी. दंगा पीवर, टांगी, बालिशखेल, खार कलाय, मकबल, कुंज अलीजई, पारा चमकनी और करमन समेत कई इलाकों तक फैल गया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि दोनों गुट एक-दूसरे के खिलाफ मोर्टार शेल और रॉकेट लॉन्चर समेत कई भारी हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे. कुर्रम जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मीर हसन जान ने बीबीसी को बताया कि 24 जुलाई को झड़प शुरू होने के बाद से अकेले उनके अस्पताल में 32 शव और 200 से अधिक घायल लाए गए हैं, जिनमें से 32 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है.
