श्रीलंका ने चीन को जासूसी जहाजों को एंट्री देने से किया साफ मना
श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी ने उन तमाम मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है, जिनमें उनके हवाले से दावा किया गया था कि श्रीलंका अपने समुद्री क्षेत्र में विदेशी जहाजों को आने की अनुमति देगा. साबरी ने कहा कि श्रीलंका ने अपने जल क्षेत्र और विशेष आर्थिक क्षेत्र में सर्वे के लिए विदेशी अनुसंधान जहाजों पर लगी रोक को हटाने का फैसला नहीं किया है. अली साबरी के हालिया जापान दौरे के दौरान जपानी मीडिया ने उनके हवाले से कहा था कि श्रीलंका जल्द ही समुद्री जल क्षेत्र में विदेशी जहाजों पर लगी रोक को हटा लेगा. श्रीलंका के इस फैसले ने भारत की चिंता बढ़ा दी थी, क्योंकि इससे चीनी जहाजों के भारतीय तट के करीब आने का मौका मिल जाता.
साबरी ने रविवार को कहा कि टोक्यों में एक साक्षात्कार के दौरान दिए गए उनके बयान को तोड़मरोड़ कर गलत तरीके से पेश किया गया. साबरी ने श्रीलंकाई अखबार द डेली मॉर्निंग पोस्ट से कहा कि इस साल तक उनके जल क्षेत्र में विदेशी जहाजों के आवागमन पर रोक है. हम साल के अंत में स्थिति का आकलन करेंगे, जिसके बाद फैसला होगा कि विदेशी जहाजों को आने देना है या नहीं. यह सब उस समय की परस्थिति पर निर्भर करेगा. फिलहाल, सरकार ने अभी तक रोक हटाने पर कोई फैसला नहीं किया है.
