शख्स के उड़े होश, लाखों की ज्वेलरी और सामान पार

0
Untitled

मेरठ: मेरठ के पल्लवपुरम फेज -1 निवासी एसबीआई से रिटायर्ड बैंक मैनेजर ने लॉकर से करीब 20 लाख की ज्वेलरी और सामान चोरी का आरोप लगाया है। मंगलवार को जब वह बेटी के साथ लॉकर खोलने बैंक पहुंचे, तब चोरी की जानकारी हुई। बैंक अधिकारियों ने इस मामले में पल्ला झाड़ लिया, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पीड़ित पक्ष को बुधवार को थाने बुलाया गया है। पल्लवपुरम फेस-1 निवासी सलीमुद्दीन खान एसबीआई से रिटायर्ड बैंक मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि पल्लवपुरम के एक बैंक में उनका लॉकर है। लॉकर से कुछ ज्वेलरी निकालने के लिए वह अपनी बेटी डॉ. नीलिमा के साथ मंगलवार दोपहर बैंक पहुंचे थे। आरोप है कि यहां सलीमुद्दीन को पूरा लॉकर खाली मिला। लॉकर में ज्वेलरी और सामान रखा था, वह सब गायब था। मौके पर हंगामा हो गया और सलीमुद्दीन ने बैंक अधिकारियों से शिकायत की। बैंक स्टाफ ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि लॉकर रूम के अंदर उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होती। सीओ दौराला सुचिता सिंह ने पीड़ित से बात की और बुधवार को कार्यालय बुलाया है। खाताधारक और बैंक की चाबी से ही लॉकर ऑपरेट होता है। उन्होंने बताया कि आखिरी बार सलीमुद्दीन ने एक फरवरी 2022 को लॉकर ऑपरेट किया था। सलीमुद्दीन खान ने बताया कि उनके लॉकर में बेटे की एक डायमंड की कीमती रिंग समेत सोने की ज्वेलरी थी। अन्य पुश्तैनी जेवरात भी इसी लॉकर में रखे थे। घटना के बाद जब उन्होंने बैंक अधिकारियों से शिकायत की तो सहानुभूति दिखाने की जगह दुर्व्यवहार किया। पल्लवपुरम, थानाध्यक्ष, मुन्नेश कुमार ने कहा कि पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कराई जाएगी। इस दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *