विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पधार कर शहीदों को श्रद्धांजलि दें : पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू।
विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पधार कर शहीदों को श्रद्धांजलि दें : पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू के द्वारा छः मुहान पर आगामी शनिवार 16 दिसंबर को पूर्वाह्न 11बजे से अपराह्न 02.00 बजे तक 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अभूतपूर्व विजय के उपलक्ष में विजय दिवस समारोह आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में इस युद्ध के दौरान शहीद हुए पलामू जिला के सैनिकों के परिजन और युद्ध के दौरान घायल जिला के वीर सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, वीरगति प्राप्त सभी वीर सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र और महा सचिव दिनेश गुप्ता ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर के जिला में निवास करने वाले सभी देश भक्त नवजवान साथी, नगर के सभ्रांत नागरिक, पूर्व सैनिक बंधु, सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठन के सभी राष्ट्र प्रेमी नागरिकों को इस कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू के द्वारा पहली बार जिला में विजय दिवस समारोह आम नागरिकों के साथ एक सार्वजनिक जगह पर आयोजित की जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा सम्मानित नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ना है। परिषद ने समस्त जिलावासियों से अनुरोध किया है कि अपने साथ अपने मित्रों और परिजनों को भी कार्यक्रम में लेकर आएं, और पूर्व सैनिकों की हौसला बढ़ाएं।
