विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह का आयोजन, उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया उद्घाटन

विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह का आयोजन, उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया उद्घाटन

गिरिडीह ब्यूरो, चन्दन कुमार।

गिरिडीह के नगर भवन में विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसडर, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य आरोग्य दूतों एवं हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसडर को सम्मानित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। स्कूलों में कार्यरत हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसडर बच्चों को स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, योग और खेलकूद के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बच्चों को मोबाइल और डिजिटल उपकरणों से दूरी बनाकर खेलकूद और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही बेहतर जीवनशैली का आधार है।
समारोह के दौरान जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसडर एवं स्वास्थ्य आरोग्य दूतों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। इसके माध्यम से स्वच्छता, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
अंत में उपायुक्त ने सभी शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े और एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण हो सके।