तीन दिन से लापता 8 वर्षीय प्रीतम का शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका पर

तीन दिन से लापता 8 वर्षीय प्रीतम का शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका पर

गुमला–सिमडेगा मार्ग जाम
गुमला: सदर थाना क्षेत्र के केसीपरा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता 8 वर्षीय छात्र प्रीतम गोप का शव गांव के ही एक कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने गुमला–सिमडेगा मुख्य मार्ग को जाम कर घटना की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
शादी समारोह से लौटने के बाद हुआ था लापता
परिजनों के अनुसार प्रीतम गोप तीन दिन पहले अपने परिवार के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। घर लौटने के बाद वह घर के पास चार अन्य बच्चों के साथ लुका-छुपी खेल रहा था। इसी दौरान वह छिपने के लिए कहीं गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
दो दिनों तक खोजबीन, तब भी नहीं मिला सुराग
ग्रामीणों ने आसपास के सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की। जिस दिशा में प्रीतम गया था, वहां एक पुराना कुआं भी था। आशंका के आधार पर ग्रामीणों ने सबसे पहले उसी कुएं में तलाश शुरू की। गांव के लोग खुद कुएं में उतरकर और झगर डालकर दो दिनों तक खोज करते रहे, लेकिन प्रीतम का कोई पता नहीं चल पाया।
कुत्ता दस्ता भी पहुंचा, फिर भी नहीं मिला सुराग
गुरुवार को रांची से कुत्ता दस्ता गांव पहुंचा और तलाश शुरू की। कुत्ता दस्ता बच्चों के खेलने वाली जगह से सूंघते हुए केसीपरा बाजार तक गया और वहीं रुक गया। इससे ग्रामीणों के मन में यह आशंका भी पैदा हो गई कि कहीं किसी ने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ तो नहीं ले गया।
तीसरे दिन उसी कुएं में मिला शव
शुक्रवार को अचानक उसी कुएं में प्रीतम का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जहां दो दिनों तक लगातार खोजबीन की जा चुकी थी। शव मिलने की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और ग्रामीणों के मन में कई सवाल खड़े हो गए।
हत्या की आशंका से भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुएं में पहले ही दो दिनों तक पूरी तरह खोजबीन हो चुकी थी, वहां तीसरे दिन अचानक शव मिलना कई संदेह पैदा करता है। लोगों को आशंका है कि प्रीतम की हत्या कर शव को बाद में कुएं में फेंका गया है। इसी शक के चलते ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस और जांच दल मौके पर
सड़क जाम की सूचना मिलते ही गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच दल (फोरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया। जांच दल ने शव और कुएं की मिट्टी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत कुएं में डूबने से हुई या उसकी हत्या कर शव को बाद में वहां फेंका गया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद केसीपरा गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

You may have missed