सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा झारखंड स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 के विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा झारखंड स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 के विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
मेदिनीनगर। पांकी रोड, रेड़मा स्थित बी.डी. फिटनेस सेंटर में सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट डाल्टनगंज पलामू के द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय झारखंड स्टेट पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप- 2026 में पलामू जिले के सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट डाल्टनगंज पलामू के संरक्षक समाजसेवी राजू तिर्की, विशिष्ट अतिथि संरक्षक सदस्य रिंकू मेहता उर्फ रणधीर कुमार मेहता, संस्था के सचिव डॉ. एसपी दुबे, सदस्य धीरज मेहता ने संयुक्त रूप से झारखंड स्टेट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में मेडल प्राप्त करने वाले सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं शॉल से सम्मानित किया गया तथा न्यूट्रिशन के पैकेट देकर हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन कैंब्रिज पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सह ट्रस्ट के अध्यक्ष नंदकिशोर भारती ने किया। विदित हो कि रांची में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड स्टेट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप जिसमें राज्य से लगभग पांच सौ खिलाड़ी हिस्सा लिए थे, इस प्रतियोगिता में पलामू से बी.डी फिटनेस सेंटर के खिलाड़ियों ने 5 गोल्ड मेडल अपने नाम कर पलामू जिले का नाम रोशन किया था। बी.डी. फिटनेस सेंटर के अभिषेक पांडेय ने दो गोल्ड मेडल, बी.डी. फिटनेस सेंटर के प्रोपराइटर भास्कर दुबे एक गोल्ड मेडल,ज्ञान रंजन एक गोल्ड मेडल, शत्रुघ्न सिंह उर्फ चिंटू सिंह एक गोल्ड मेडल एवं अक्षय शुक्ला ने 74 केजी भार वर्ग में एक कांस्य पदक अपने नाम कर जिले का मान बढ़ाया है। मौके पर मुख्य अतिथि राजू तिर्की ने कहा कि भास्कर दुबे के द्वारा बी.डी. फिटनेस सेंटर के माध्यम से पलामू के प्रतिभाओं को निखारने का जो काम कर रहे हैं वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट डाल्टनगंज पलामू जो कि शैक्षणिक संस्थान के साथ-साथ समाज सेवा में कई कार्य कर रहा है, ऐसी प्रतिभाओं को हर संभव सहायता प्रधान करेगा। उन्होंने कहा कि इस संस्था के द्वारा हम लोग समाज सेवा में कई क्षेत्रों में बढ़-चढ़कर सहायता करेंगे एवं पलामू के प्रतिभाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद में भी आगे बढ़ाने का काम करेंगे। मौके पर ट्रस्ट के सचिव डॉ एसपी दुबे ने कहा कि फिटनेस स्वस्थ जीवन की कुंजी है। नियमित व्यायाम, योग और संतुलित आहार से शरीर एवं मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।संरक्षक सदस्य रिंकू मेहता उर्फ रणधीर कुमार मेहता ने कहा कि संस्था समाज के विकास और जनकल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मौके पर बी.डी. फिटनेस सेंटर के प्रवीण तिवारी, मुकेश, डॉ राज पांडेय, अभिषेक आनंद, चमनप्रीत सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।


