सऊदी अरब के किंग के रेड पैलेस को किराए पर दे रही सऊदी सरकार
सऊदी अरब ने अपने शानदार शाही महल ‘रेड पैलेस’ को किराए पर देने का फैसला किया है. सऊदी की राजधानी रियाद में स्थितर यह शाही महल करीब 9 एकड़ में फैला हुआ है, इस महल में पर्यटक अब शाही अंदाज का लुत्फ उठा सकेंगे. शाही परिवार के इस महल में किंग सऊद बिन अब्दुल अजीज रहा करते थे. रेड पैलेस को 1940 के दशक में उस समय के क्राउन प्रिंस के लिए बनाया गया था. अब इस महल को एक अल्ट्रा लग्जरी होटल में तब्दील किया जा रहा है. इसे इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले मेहमान सऊदी के शाही जीवन का अनुभव कर सकें.
फाइनेंशियल पोस्ट की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि हॉस्पिटैलिटी कंपनी बुटीक ग्रुप द्वारा इस महल में रिकंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है. रेड पैलेस जब साल 2025 में खुलेगा तो इसमें 70 कमरे होंगे, जिसमें पर्यटक शाही जीवनशैली जी सकेंगे. इस महल में पर्यटकों को रहन-सहन के साथ ही खानपान में भी शाही परिवार की झलक दिखेगी. रेड पैलेस के मेन्यू में सऊद परिवार की पसंदीदा भोज्य पदार्थ शामिल होंगे. होटल में सऊदी के प्राचीन तरीकों से स्पा ट्रीटमेंट में भी हो सकेगा. इसके साथ पूरे होटल में गुलाब की खुशबू हवा में फैली रहेगी.
