सोनपुरवा के तालाबों पर मिट्टी भराई से बढ़ेगा जलसंकट, विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
सोनपुरवा के तालाबों पर मिट्टी भराई से होगा जलसंकट
विधायक सत्येंद्रनाथ ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
फोटो- डीसी को ज्ञापन देते विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी गढ़वा। जिले के शहरी क्षेत्र सोनपुरवा में स्थित तालाबों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर शुक्रवार को विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में डीसी दिनेश यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके त्वरित समाधान की मांग की। इस दौरान विधायक ने उपायुक्त को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने सोनपुरवा क्षेत्र में स्थित तीन छोटे तालाबों में मिट्टी भराई (फीलिंग) कर जलाशयों को समाप्त करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में पहले से ही जलस्रोतों की कमी है, ऐसे में तालाबों को खत्म करना भविष्य में गंभीर जलसंकट को जन्म दे सकता है। स्थानीय लोगों द्वारा इस कार्य का लगातार विरोध किए जाने के बावजूद नगर परिषद की मिलीभगत से तालाब में ही मिट्टी भरकर नगर परिषद कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने उपायुक्त को बताया कि सोनपुरवा स्थित यह तालाब पूर्व में मत्स्य विभाग द्वारा उपयोग में लाया जाता था और यह न केवल जलसंचयन का महत्वपूर्ण स्रोत था, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका से भी जुड़ा हुआ था। तालाब का अस्तित्व समाप्त होने से आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने उपायुक्त से तालाब में बनाए जा रहे नगर परिषद कार्यालय के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही नगर परिषद कार्यालय के लिए स्थल चयन करने वाले संबंधित अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की भी अपील की। विधायक ने कहा कि सरकारी नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी कर जलाशयों को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने इसकी जानकारी राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा नगर विकास विभाग के सचिव को भी पत्र लिखकर दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर तालाबों के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
विधायक ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और आम जनता के हितों के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।

