सोन नदी के डीला में पुलिस की छापेमारी: 300 किलो जावा महुआ व अवैध शराब बनाने के उपकरण नष्ट

हुसैनाबाद,पलामू: अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरी ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोन नदी के डीला क्षेत्र में छापेमारी की। यह कार्रवाई देवरी ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरीकला (गयाबीघा) में की गई, जहां अवैध रूप से देशी शराब बनाने की तैयारी चल रही थी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 300 किलो फुलाया गया जावा महुआ बरामद किया, जिसका उपयोग अवैध देशी शराब बनाने में किया जाता है। इसके अलावा लगभग 10 लीटर तैयार देशी शराब भी जब्त की गई। पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधि संचालित न हो सके।
देवरी ओपी प्रभारी बाबलू कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोन नदी के डीला में अवैध शराब बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई।उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।